संपूर्ण लॉकडाउन की दिशा में बढ़ा देश, ये 10 राज्य 31 मार्च तक रहेंगे बंद

संपूर्ण लॉकडाउन की दिशा में बढ़ा देश, ये 10 राज्य 31 मार्च तक रहेंगे बंद

फोटो कैप्‍शन: जनता कर्फ्यू के दौरान सुनसान पड़ा हावड़ा ब्रिज 

सेहतराग टीम

कोरोना वायरस की लड़ाई में रविवार को अभूतपूर्व रूप से सफल जनता कर्फ्यू के बाद अब देश संपूर्ण लॉकडाउन की ओर बढ़ गया है। शनिवार को राजस्‍थान में संपूर्ण लॉकडाउन के बाद रविवार को उत्‍तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब ने भी संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। गैर जरूरी यातायात पर  31 मार्च तक के लिए पाबंदी लगा दी गई है। इस दौरान कोई भी ट्रेन नहीं चलेगी। साथ ही मेट्रो का परिचालन भी सीमित होगा। लॉकडाउन की दशा में जरूरी वस्‍तुओं की दुकानें की खुली होंगी और गैर जरूरी यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

देश के इतिहास में पहली बार यात्री रेल सेवा पूरी तरह बंद-

कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे ने देश को वो दिन भी दिखला दिया जिसकी किसी ने कभी अपने बुरे से बुरे सपने में भी कल्‍पना नहीं की थी। 130 करोड़ लोगों का देश पूरी तरह से लॉकडाउन की दिशा में बढ़ गया है। इस कड़ी में सबसे पहली गाज रेलवे पर गिरी है। रेल यात्रा के दौरान वायरस के संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारतीय रेल बोर्ड ने 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया है। रेलवे के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति आई है। इस दौरान सिर्फ मालगाडी चलेगी।

मृतकों का आंकड़ा 7 पहुंचा, एक की उम्र 38 वर्ष-

इस बीच देश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा रव‍िवार को 7 पर पहुंच गया है। मुंबई में एक, गुजरात के सूरत में एक और बिहार में एक व्‍यक्ति की मौत रविवार को हो गई है। चिंता की बात ये है कि बिहार में मरने वाले शख्‍स की उम्र महज 38 वर्ष थी यानी अब तक जो 60 वर्ष से अधिक के लोगों को यह बीमारी अपना शिकार बना रही थी वो भ्रम अब टूट गया है। इसलिए सरकार और विशेषज्ञ जो बात लगातार कहते रहे हैं कि हर व्‍यक्ति को इस संक्रमण से बचने की जरूरत है उसपर युवाओं को भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के 80 से ज्यादा नए मामले सामने आने के साथ यह संख्या बढ़कर 348 हो गई है।

गुजरात के सूरत में 69 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। एक 65 वर्षीय महिला की भी वडोदरा में मौत हुई है लेकिन उसका कोरोना टेस्ट आना अभी बाकी है। उत्तराखंड में 31 मार्च तक लॉकडाउन का आदेश। सभी परिवहन सेवाएं बंद की जाएंगी।

सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप पुरी ने बिहार के मुख्यमंत्री से की बात। उन्होंने कहा है कि बिहार जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी जाएं।

केंद्र सरकार ने 75 जिलों में लॉकडाउन करने का आदेश दिया है। 31 मार्च तक सारी रेल सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मेट्रो और अंतरराज्यीय बस सेवा भी निलंबित। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन का ऐलान किया। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ समेत प्रदेश के 15 जिलों पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं।

इस बीच मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कहा है कि जो छात्र अब भी हॉस्टल में हैं वे वहीं रहें और सावधानी बरतें।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि आने वाले दिनों में हम उन 18 लोगों के नाम बताएंगे जिन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिससे उन्हें पता चल जाए जो उनसे मिले हैं।

 

इसे भी पढ़ें-

आइसोलेशन में रहते हुए करें ये एक्सरसाइज, रहेंगे फ‍िट और फाइन

परीक्षा भारतीय चिकित्सा विज्ञान की भी

अब निजी लैब्‍स में भी कोरोना की जांच, अधिकतम मूल्‍य भी तय

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।